Stitch Tales — सहायता
सवाल, बग रिपोर्ट और सुझाव
Stitch Tales क्रॉस-स्टिच कढ़ाई वाला एक नॉनोग्राम गेम है: हल की गई हर पहेली आपके घेरे के दृश्य में एक आकृति बनकर कढ़ जाती है। इस पेज पर उन सवालों के जवाब हैं जो हमसे सबसे ज़्यादा पूछे जाते हैं। अगर आपका सवाल यहाँ नहीं है, तो हमें लिखिए — हम हर संदेश पढ़ते हैं।
संपर्क
ईमेल: stitchtales.support@paastudios.com
आप गेम के अंदर से भी लिख सकते हैं: “प्रोफ़ाइल” → “हमें लिखें”। हम आम तौर पर कुछ
कामकाजी दिनों में जवाब देते हैं। अगर आप किसी बग के बारे में बता रहे हैं, तो
कृपया अपने डिवाइस का मॉडल, OS वर्ज़न और यह भी लिखिए कि बग के समय आप क्या कर रहे
थे — अक्सर इतने से ही सवाल-जवाब का एक दौर बच जाता है।
कैसे खेलें?
हर पंक्ति और स्तंभ के पास लिखी संख्याएँ बताती हैं कि उस रेखा में क्रम से लगातार कितने-कितने खाने काढ़ने हैं; ऐसे दो टुकड़ों के बीच कम से कम एक खाली खाना होता है। जिन खानों को भरना ही है, उन्हें काढ़िए, और जो खाली रहेंगे, उन पर क्रॉस लगाइए। हर गलत टाँका आपकी तीन जानों में से एक ले लेता है; जानें ख़त्म हो जाएँ, तो पैटर्न फिर से शुरू कीजिए या एक और जान के लिए विज्ञापन देखिए। गेम एक छोटे इंटरैक्टिव ट्यूटोरियल से शुरू होता है, और आप उसे कभी भी प्रोफ़ाइल स्क्रीन पर “कैसे खेलें” से दोबारा देख सकते हैं।
घेरे, कढ़ाई नमूना और कैलेंडर
“कढ़ाई” टैब पर हर घेरा एक दृश्य है, और उसकी हर आकृति एक पहेली। पूरा हुआ घेरा आपके संग्रह में चला जाता है और अगला घेरा खुल जाता है। पहले घेरे के बाद कढ़ाई नमूना भी खुलता है — लोक पैटर्न की एक पट्टी, जिसके पैटर्न कभी ख़त्म नहीं होते। “कैलेंडर” टैब पर महीने के हर दिन के लिए एक छोटी कढ़ाई है; सब पूरी कीजिए, और महीने की बड़ी आकृति खुल जाएगी। छूटे दिन कैलेंडर में बने रहते हैं, और जब मन करे, आप उनकी कढ़ाई कर सकते हैं।
संकेत
संकेत चार तरह के हैं: एक खाना खोलना, पूरी पंक्ति या पूरा स्तंभ खोलना, 10 बेतरतीब खाने खोलना, और अंगुश्ताना, जिससे अगली गलती पर जान नहीं जाती। संकेत आपको रोज़ के इनाम से और दुकान के संकेत पैक से मिलते हैं; एक खाना खोलने वाला संकेत विज्ञापन देखकर भी मिल सकता है।
मैंने गेम फिर से इंस्टॉल किया — मेरी प्रगति कहाँ है?
प्रगति आपके डिवाइस पर रहती है। iOS पर उसकी बैकअप कॉपी आपके iCloud अकाउंट में रखी जाती है और नए इंस्टॉल को पहली बार खोलते ही अपने-आप बहाल हो जाती है, बशर्ते उस इंस्टॉल में अपनी कोई प्रगति न हो — क्लाउड की कॉपी उस गेम की जगह कभी नहीं लेती, जिसे आप पहले से खेल रहे हैं। पक्का कर लीजिए कि आप उसी Apple खाते से साइन इन हैं और iCloud Drive चालू है। Android पर यही काम सिस्टम का ऑटो बैकअप करता है, जो नए डिवाइस को सेट अप करते समय डेटा बहाल करता है।
अगर गेम खाली शुरू हो और आपको प्रगति की उम्मीद थी, तो पहले कुछ भी मत काढ़िए — उससे पहले ही हमें लिखिए, जब तक डेटा बहाल करना अब भी संभव है।
ख़रीदारी
नए डिवाइस पर या गेम फिर से इंस्टॉल करने के बाद ख़रीदारी वापस पाने के लिए प्रोफ़ाइल स्क्रीन खोलिए और “खरीदारी रीस्टोर करें” पर टैप कीजिए — उसी Apple खाते या Google अकाउंट से, जिससे आपने ख़रीदारी की थी। विज्ञापन हटाने से पॉप-अप विज्ञापन बंद हो जाते हैं; इनाम वाले विज्ञापन बने रहते हैं, और वे आपको तभी दिखते हैं, जब आप ख़ुद चुनें। भुगतान और रिफ़ंड Apple और Google संभालते हैं: रिफ़ंड के लिए App Store या Google Play से अनुरोध कीजिए।
उपलब्धियाँ और लीडरबोर्ड
iPhone और iPad पर गेम Game Center का इस्तेमाल करता है: हर पूरे घेरे के लिए एक उपलब्धि, और कढ़े गए सभी पैटर्न, इस हफ़्ते कढ़े गए पैटर्न और कढ़ाई नमूने के पैटर्न के लीडरबोर्ड। इन्हें प्रोफ़ाइल स्क्रीन से खोलिए; Game Center में साइन इन सिस्टम की सेटिंग्स में कीजिए।
ध्वनि, कंपन और रिमाइंडर
ध्वनि और कंपन के स्विच प्रोफ़ाइल स्क्रीन पर हैं। रिमाइंडर वैकल्पिक हैं और तब तक बंद रहते हैं, जब तक आप सूचनाओं की अनुमति न दें — इन्हें प्रोफ़ाइल स्क्रीन से चालू कीजिए; यह अनुमति आप कभी भी सिस्टम सेटिंग्स में वापस ले सकते हैं।
भाषा
Stitch Tales आपके सिस्टम की भाषा अपनाता है और 30 भाषाओं में उपलब्ध है। आप कभी भी प्रोफ़ाइल स्क्रीन पर “भाषा” में जाकर दूसरी भाषा चुन सकते हैं।
विज्ञापन
गेम मुफ़्त है और विज्ञापनों के सहारे चलता है। इनाम वाले विज्ञापन हमेशा आपकी मर्ज़ी से चलते हैं — एक और जान, संकेत या दोगुने रोज़ के इनाम के लिए आप उन्हें ख़ुद शुरू करते हैं। विज्ञापन से जुड़ी अपनी सहमति आप कभी भी प्रोफ़ाइल स्क्रीन पर “विज्ञापन गोपनीयता” में देख या बदल सकते हैं।
अपना डेटा मिटाना
गेम अनइंस्टॉल करने से डिवाइस पर उसका सहेजा हुआ सब कुछ हट जाता है। iOS की क्लाउड कॉपी भी हटाने के लिए, iCloud स्टोरेज सेटिंग्स में Stitch Tales का डेटा डिलीट कीजिए।
गोपनीयता
गेम और उसके विज्ञापन पार्टनर क्या जानकारी इकट्ठा करते हैं, यह जानने के लिए गोपनीयता नीति देखिए।